उत्तराखंड

होमगार्ड्स वर्दी खरीद घोटाला: मुख्यमंत्री धामी ने निदेशक होमगार्ड अमिताभ श्रीवास्तव को किया निलंबित

वर्दी सामग्री खरीद में वित्तीय अनियमितताओं पर संयुक्त जांच समिति गठित, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

उत्तराखंड में होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री खरीद से जुड़े कथित घोटाले पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाते हुए निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीद प्रक्रिया से संबंधित है। टेंडर प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताओं, पारदर्शिता के अभाव और नियमों के उल्लंघन के आरोप सामने आए थे।

महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया को संदिग्ध बताते हुए गंभीर खामियों की ओर संकेत किया गया था। इसी रिपोर्ट के आधार पर महानिदेशक की संस्तुति पर मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सरकारी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।

Related Articles

Back to top button