अल्मोड़ा

उत्तर रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बैठक, कई अहम निर्देश जारी

ऋषिकेश–डोईवाला बाईपास, देहरादून–सहारनपुर रेलवे लाइन और कुंभ मेला 2027 की यातायात व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा

मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में उत्तर रेलवे, मुरादाबाद की DRM श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के साथ मुख्य सचिव कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान उत्तर रेलवे से संबंधित विभिन्न प्रकरणों एवं विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य सचिव ने ऋषिकेश–डोईवाला बाईपास रेलवे लाइन परियोजना के अंतर्गत जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिए कि राजाजी नेशनल पार्क एवं वन विभाग की 3.62 हेक्टेयर वन भूमि के संबंध में रेलवे, मुख्य वन्यजीव वार्डन एवं राजाजी नेशनल पार्क प्रशासन के साथ संयुक्त सर्वेक्षण कराते हुए निरीक्षण आख्या शीघ्र शासन को उपलब्ध कराई जाए।

इसके साथ ही देहरादून–मोहण्ड–सहारनपुर टनल आधारित रेलवे लाइन परियोजना के संबंध में परियोजना का Final Location Survey कराते हुए उसकी अद्यतन स्थिति से शासन को शीघ्र अवगत कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने रेलवे को हर्रावाला रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण मास्टर प्लान को भी शासन के साथ साझा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे एवं जिला प्रशासन संयुक्त सर्वेक्षण कर निरीक्षण आख्या शीघ्र प्रस्तुत करें।

कुंभ मेला–2027 के दृष्टिगत श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्य सचिव ने रेलवे अधिकारियों को DM हरिद्वार, SSP हरिद्वार, मेलाधिकारी एवं राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के साथ मिलकर संयुक्त रूप से Traffic Plan तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त, मुख्य सचिव ने हरिद्वार के समीप रेलवे सुरंग के पास ढलान स्थिरीकरण (Slope Stabilization) कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने तथा की गई कार्यवाही की आख्या शासन को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

बैठक में सचिव परिवहन श्री बृजेश कुमार संत, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी सहित रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button