उत्तराखंड

आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है केंद्रीय बजट 2026-27: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा—केंद्रीय बजट 2026-27 देश की आत्मा, आत्मविश्वास और विकासशील सोच का सशक्त प्रतिबिंब है

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को आत्मनिर्भर भारत की मजबूत आधारशिला बताते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आकांक्षाओं, आत्मविश्वास और विकासशील सोच का जीवंत प्रतिबिंब है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट विकसित भारत–2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बजट में गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के कल्याण को केंद्र में रखा गया है, जिससे समावेशी विकास को नई गति मिलेगी।

श्री धामी ने कहा कि केंद्रीय बजट में पर्यटन, कृषि, एमएसएमई, बुनियादी ढांचे, स्टार्ट-अप, डिजिटल अर्थव्यवस्था और हरित ऊर्जा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इससे उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्यों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बजट में पर्यटन एवं कनेक्टिविटी को लेकर की गई घोषणाएं उत्तराखण्ड के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होंगी। सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार से राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रावधान आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और सुदृढ़ करेंगे।

उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।

Related Articles

Back to top button