मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल, संवेदनशील एवं जनोन्मुखी नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा संचालित ‘जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार’ कार्यक्रम प्रदेश में सुशासन और पारदर्शिता का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है।
15 जनवरी 2026 तक की दैनिक प्रगति रिपोर्ट इस बात की पुष्टि करती है कि सरकार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कर रही है।
अब तक प्रदेश के सभी जनपदों में 347 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 2,77,654 नागरिकों की सहभागिता रही। इन शिविरों में कुल 22,293 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 18,973 शिकायतों का सफल निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा 38,255 नागरिकों को प्रमाण पत्र एवं सरकारी सेवाओं का सीधा लाभ दिया गया। इसके साथ ही राज्य की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अब तक कुल 1,51,565 नागरिक लाभान्वित हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक पहल नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु है। सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सेवाओं की सीधी पहुँच सुनिश्चित करना है।




