देहरादून। उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से उत्तराखण्ड तेजी से विकास के नए आयाम छू रहा है।
राज्यपाल ने अपने संदेश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पी डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जिसका लाभ उत्तराखण्ड को भी निरंतर मिल रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि डिजिटल सेवाओं, कनेक्टिविटी और निवेश के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। सड़क, रेल, हवाई संपर्क, आधारभूत ढांचे, प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उत्तराखण्ड सशक्त भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि योग और आयुष उत्तराखण्ड की आत्मा हैं। राज्य को योग-भूमि और आयुष हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे वैश्विक स्तर पर उत्तराखण्ड की पहचान मजबूत हुई है।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य की मातृशक्ति और बेटियां शिक्षा, सेना, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, समानता और सशक्तिकरण के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि तकनीक का उपयोग प्रशासनिक पारदर्शिता, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बढ़ा है, जिससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल रहा है।
राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि सुशासन, समावेशी विकास और जनभागीदारी के माध्यम से उत्तराखण्ड आने वाले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।




