ऊधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने आज जनपद ऊधमसिंह नगर के खटीमा क्षेत्र अंतर्गत नगला तराई में अपनी माता के साथ खेतों में कृषि कार्यों में सहभागिता कर किसानों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का परिचय दिया। इस दौरान उन्होंने खेत की जुताई की और खाद डालते हुए खेती-किसानी से जुड़े श्रम, समर्पण और संघर्ष को निकटता से अनुभव किया।
खेतों में कार्य करते हुए मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों में भागीदारी के दौरान उनके जीवन के वे सरल, संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायी दिन फिर से स्मृतियों में ताजा हो गए, जब ग्रामीण परिवेश में खेती-किसानी जीवन का अभिन्न हिस्सा हुआ करती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान केवल देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले अन्नदाता ही नहीं हैं, बल्कि वे भारतीय संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और ग्रामीण जीवन मूल्यों के वास्तविक संवाहक भी हैं। किसानों का परिश्रम देश की अर्थव्यवस्था और समाज की मजबूती का आधार है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में किसानों का योगदान अतुलनीय है। खेतों में दिन-रात मेहनत कर देशवासियों की थाली तक अन्न पहुंचाने वाले किसानों की तपस्या, त्याग और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने समस्त अन्नदाताओं को नमन करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने किसानों के उज्ज्वल भविष्य और समृद्धि की कामना करते हुए उनके अमूल्य योगदान को देश के विकास की आधारशिला बताया।




