कैबिनेट मंत्री Ganesh Joshi ने आज मीडिया सेंटर, सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी कि देहरादून स्थित Perfumery and Aromatic Research & Development Institute द्वारा 11 एवं 12 जून 2026 को दालचीनी (सिनेमन) विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार एवं कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि “दालचीनीः प्रवर्धन, सतत खेती एवं कटाई उपरांत प्रौद्योगिकी में नवाचार” विषय पर आयोजित होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम उत्तराखण्ड सरकार की महत्वाकांक्षी “उत्तराखण्ड महक क्रांति नीति 2026-36” के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि संगोष्ठी के माध्यम से दालचीनी की उन्नत खेती, उत्पादन क्षमता में वृद्धि, सतत कृषि पद्धतियों तथा कटाई के बाद मूल्य संवर्धन से जुड़ी नवीन तकनीकों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से चर्चा की जाएगी। इससे किसानों, शोधकर्ताओं और उद्यमियों को नई जानकारी और अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में दालचीनी से जुड़े राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शोधकर्ता तथा कृषि क्षेत्र के प्रतिनिधि भाग लेंगे और अपने अनुभव एवं शोध निष्कर्ष साझा करेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान संस्थान के निदेशक Dr. Nripendra Chauhan भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन दालचीनी आधारित कृषि और उद्योग को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्तराखण्ड को सुगंधित एवं औषधीय फसलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।




