उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरदार पटेल जयंती पर दी श्रद्धांजलि, एकता पदयात्रा का शुभारंभ

राष्ट्रीय एकता दिवस पर स्वदेशी अपनाने और नशा मुक्त उत्तराखण्ड की ली शपथ

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर घंटाघर (देहरादून) स्थित उनकी मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने इसके उपरांत एकता पदयात्रा का शुभारंभ किया और स्वयं भी उसमें शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने स्वदेशी अपनाने एवं नशा मुक्त उत्तराखण्ड की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत के लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार पटेल के अदम्य साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्र समर्पण की भावना के कारण ही आज भारत एक शक्तिशाली और एकीकृत राष्ट्र के रूप में खड़ा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का सम्पूर्ण जीवन देश की एकता और अखण्डता को समर्पित था।

उन्होंने स्मरण दिलाया कि सरदार पटेल ने 560 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखण्ड भारत का निर्माण किया। ऐसे महापुरुष के योगदान को नमन करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 से उनकी जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया, जो उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्यभर में 16 नवंबर तक प्रत्येक जिले के तीन स्थानों पर वॉकथॉन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों में 8 से 10 किलोमीटर की पदयात्रा के साथ नशा मुक्त भारत, एक पेड़ मां के नाम तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे जन-जागरूकता अभियानों को भी जोड़ा गया है, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित हो।

उन्होंने कहा कि यह वॉकथॉन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि भारत की विविधता में एकता की भावना को सशक्त करने का माध्यम है। इससे युवाओं में राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और सेवा की भावना प्रबल होगी। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, श्री गणेश जोशी व श्रीमती रेखा आर्या, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, विधायक श्री खजानदास, श्रीमती सविता कपूर, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल एवं एसएसपी श्री अजय सिंह उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button