उत्तराखंडपर्यटन

नववर्ष पर उत्तराखण्ड परिवहन निगम को मिली 100 नई बसों की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने किया फ्लैग-ऑफ

नववर्ष पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त बसों की शुरुआत, सड़क सुरक्षा कैलेंडर व स्मारिका “अनवरत” का भी विमोचन

देहरादून।
नववर्ष के अवसर पर उत्तराखण्ड परिवहन निगम के बेड़े में 100 नई बसें शामिल की गईं। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से इन बसों को फ्लैग-ऑफ किया। इस दौरान उन्होंने 10 एसी एवं 2 स्लीपर अनुबंधित बसों को भी जनता को समर्पित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की स्मारिका “अनवरत” तथा सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया। साथ ही कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने वाले कर्मठ कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित ये नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को और अधिक सशक्त बनाएंगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी, साथ ही राज्य की आर्थिक, सामाजिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि दुर्गम एवं पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखण्ड में एक मजबूत परिवहन व्यवस्था न केवल नागरिक सुविधाओं के लिए बल्कि आर्थिक विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार परिवहन निगम को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 13 से अधिक नए बस अड्डों एवं कार्यशालाओं का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर कार्य प्रगति पर है, जिनमें 4 आईएसबीटी (ISBT) भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही परिवहन निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि निगम की बसों में GPS, CCTV कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी और अधिक मजबूत होगी। सरकार द्वारा निगम कर्मियों के हित में डीए वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन तथा नई भर्तियों के माध्यम से मैनपावर की कमी को दूर किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार परिवहन निगम को केवल एक संस्था नहीं, बल्कि “सेवा का माध्यम” मानते हुए इसे आधुनिक, आत्मनिर्भर एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शी नीतियों और जवाबदेही के बल पर उत्तराखण्ड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, श्री सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, विधायक श्री खजानदास, श्री उमेश शर्मा काऊ, श्रीमती सविता कपूर, परिवहन निगम की एमडी एवं अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button