नई दिल्ली: आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं का हल अब आपके हाथ में है। सरकार ने आधार अपडेट की प्रक्रिया को आसान और डिजिटल बनाते हुए एक नई सुविधा शुरू की है, जिसके तहत आप अपने स्मार्टफोन से घर बैठे आधार डिटेल्स को अपडेट कर सकेंगे। इस नई सुविधा को E-Aadhaar ऐप नाम दिया गया है, जिसे जल्द ही आधिकारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा।
अब आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं
अब तक आधार कार्ड में किसी भी बदलाव के लिए नागरिकों को आधार नामांकन केंद्र जाना पड़ता था। वहां लंबी कतारों में लगना, दस्तावेज जमा करना और कई बार तकनीकी कारणों से लौटना भी आम बात थी। लेकिन अब UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) ने तकनीक की मदद से इस प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर दिया है।
क्या-क्या अपडेट कर सकेंगे आप?
नई सुविधा के तहत नागरिक नाम, पता, जन्म तिथि और मोबाइल नंबर जैसे अहम विवरणों को खुद से अपडेट कर सकेंगे। साथ ही, ऐप QR कोड आधारित होगा, जिससे आधार की जानकारी साझा करने की प्रक्रिया भी आसान और सुरक्षित बन जाएगी।
ऐप की मुख्य विशेषताएं
- घर बैठे आधार विवरण अपडेट करने की सुविधा
- मोबाइल से मोबाइल और ऐप से ऐप आधार वेरिफिकेशन
- सरकारी दस्तावेज जैसे पैन, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस आदि से डेटा ऑटोमेटिक लिंक
- QR कोड से आधार जानकारी शेयर की जा सकती है
- डेटा की सुरक्षा और गोपनीयता को प्राथमिकता
डेटा अपडेट की सीमा भी तय
UIDAI के अनुसार, इस सुविधा का दुरुपयोग न हो, इसके लिए कुछ सीमाएं भी तय की गई हैं। जैसे नाम को सिर्फ दो बार बदला जा सकता है, जबकि जन्म तिथि को सिर्फ एक बार अपडेट करने की अनुमति होगी। हालांकि पता और मोबाइल नंबर को आवश्यकता अनुसार कई बार बदला जा सकता है।
बच्चों के लिए विशेष सुविधा
बच्चों के आधार अपडेट के लिए UIDAI की CBSE से बातचीत चल रही है। यह सुविधा 5-7 साल और 15-17 साल की उम्र के बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। इन वर्गों में बायोमेट्रिक और अन्य जानकारी अपडेट करने के लिए विशेष कैंपेन भी चलाया जाएगा।
कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा
UIDAI ने साफ किया है कि आधार में किसी भी प्रकार का अपडेट करने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और उनकी गोपनीयता को सुरक्षित रखना है।
क्या है आधार?
आधार एक 12 अंकों की यूनिक पहचान संख्या है, जो भारत सरकार द्वारा नागरिकों को दी जाती है। इसमें नाम, जन्म तिथि, लिंग और पता जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां होती हैं।