मुंबई: महाराष्ट्र में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत हासिल करने वाली महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर, 2024 को मुंबई के आजाद मैदान में आयोजित होगा। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
चंद्रशेखर बावनकुले ने की पुष्टि
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा, “महाराष्ट्र में महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में गुरुवार, 5 दिसंबर, 2024 को शाम 5 बजे आजाद मैदान, मुंबई में होगा।”
महायुति की प्रचंड जीत
288 सदस्यीय विधानसभा में महायुति गठबंधन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। भाजपा ने 132 सीटों पर कब्जा कर सबसे बड़ी पार्टी का स्थान हासिल किया। सहयोगी दलों में शिवसेना को 57 सीटें और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी को 41 सीटें मिलीं।
मुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन जारी
हालांकि महायुति गठबंधन में मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान बनी हुई है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सीएम पद की रेस से खुद को अलग कर लिया है, जिससे यह लगभग तय माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री भाजपा से होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे है। भाजपा आलाकमान और आरएसएस के समर्थन के चलते फडणवीस का दोबारा सीएम बनना लगभग तय माना जा रहा है।
एकनाथ शिंदे सातारा में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं
इस बीच, शिवसेना प्रमुख और कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने गृह जिले सातारा में हैं। स्वास्थ्य समस्याओं के चलते डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है, और वे जल्द ही मुंबई लौट सकते हैं।
नया अध्याय लिखने को तैयार महाराष्ट्र
महायुति की जीत और सरकार गठन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भाजपा के नेतृत्व में बनने वाली यह सरकार विकास, स्थिरता और सुशासन के वादे के साथ कदम रखेगी।