उत्तराखंड

विकास की नई ऊँचाई पर उत्तराखण्ड

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुक्तकंठ से की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखण्ड में हो रहे विकास कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व को प्रभावी, दूरदर्शी और प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड आज विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है और यह प्रगति अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता इंटर कॉलेज, यमकेश्वर (पौड़ी) के नव निर्मित भवन के लोकार्पण के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल भौतिक प्रगति नहीं, बल्कि संस्कृति, संस्कार और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के साथ संतुलित विकास है, और उत्तराखण्ड इस दिशा में सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और बुनियादी ढांचे के साथ-साथ सनातन संस्कृति एवं धार्मिक स्थलों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इससे राज्य की पहचान और मजबूत हुई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री श्री धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती के बाद विकास के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। राज्य सरकार की नीतियों से युवाओं को रोजगार, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में नए अवसर मिल रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीवन प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button