केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के आगामी 7 मार्च को हरिद्वार स्थित बैरागी कैम्प में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, आवास, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने तथा समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और कार्यक्रम को सफल बनाने में कोई कमी न रहने दें।




