मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने के लिए लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 7 जनसेवा कैंपों का आयोजन किया गया, जिनमें 11,738 नागरिकों ने प्रतिभाग कर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त किया।
प्रदेश सरकार द्वारा अब तक आयोजित किए गए जनसेवा कैंपों की कुल संख्या 459 तक पहुँच चुकी है। इन शिविरों के माध्यम से अब तक 3,68,730 नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा चुकी है।
इन जनसेवा कैंपों में नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आमजन का समय, श्रम और संसाधनों की बचत हो रही है। साथ ही मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का स्पष्ट संदेश है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। सरकार की यह पहल सुशासन, पारदर्शिता और जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ कर रही है।




