मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद टिहरी के घनसाली में ₹41.21 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹13.43 करोड़ की 03 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹27.78 करोड़ की 05 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत किए जाने के कार्य का भी शिलान्यास किया। इस अवसर पर अस्पताल हेतु भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला जी एवं उनके परिवारजनों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनका कार्य रुकना नहीं चाहिए और उनका शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो तो संसाधनों की कमी भी दूर की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से राज्य के प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों को ₹51 हजार की सहायता प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है और शीघ्र ही घनसाली क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
उन्होंने स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र की प्रमुख मांगों पर प्राथमिकता से कार्य करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है तथा अतिक्रमण हटाकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने पिलखी बेलेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की घोषणा भी की। साथ ही उन्होंने सभी को होली की अग्रिम बधाई दी और कहा कि उन्हें सौंपे गए ज्ञापन में शामिल बिंदुओं को मुख्यमंत्री घोषणा में सम्मिलित किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक घनसाली श्री शक्तिलाल शाह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए घनसाली में 30 बेड अस्पताल, तीनगढ़ पुनर्वास, बालगंगा पुल हेतु धनराशि स्वीकृति, विद्यालय भवन निर्माण और बिजलीघर शिलान्यास जैसे कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र से संबंधित 37 सूत्रीय मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।




