टनकपुर/चंपावत: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान बनबसा और टनकपुर क्षेत्र में स्थानीय महिलाओं द्वारा आयोजित भैया दूज (च्यूड़ा पूजन) समारोह में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में कुमाऊं की गौरवशाली परंपरा का प्रदर्शन करते हुए महिलाओं ने पारंपरिक रूप से प्रसिद्ध ‘च्यूड़ा पूजन’ अनुष्ठान मनाया। इस अवसर पर महिलाओं ने मुख्यमंत्री की लंबी आयु, स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने का अवसर प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को भैया दूज की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास तथा जनता के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री धामी टनकपुर स्थित शारदा घाट पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना करते हुए प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा घाट की आरती पूर्णागिरि क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है और इस धार्मिक गतिविधि से स्थानीय पर्यटन और रोजगार में वृद्धि हुई है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी/कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




