Blogउत्तराखंडदेश

राष्ट्रपति मुर्मू ने देहरादून में मनाया जन्मदिन, ‘राष्ट्रपति निकेतन’ को जनता को किया समर्पित

President Murmu celebrated her birthday in Dehradun, dedicated 'Rashtrapati Niketan' to the public

देहरादून, 20 जून 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान राजधानी देहरादून में अपना जन्मदिन बेहद खास अंदाज में मनाया। इस अवसर को और भी यादगार बनाते हुए उन्होंने देहरादून के राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति आवास को आम जनता के लिए खोलने की घोषणा की। अब यह स्थल ‘राष्ट्रपति निकेतन’ के नाम से जाना जाएगा और 25 जून से आम नागरिक यहां भ्रमण कर सकेंगे।

दृष्टिबाधित बच्चों के साथ बिताया समय
राष्ट्रपति ने अपने जन्मदिवस की शुरुआत सामाजिक सरोकार से की। उन्होंने देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि विकलांग सशक्तिकरण संस्थान में बच्चों के साथ समय बिताया। बच्चों के साथ बातचीत कर और उनकी गतिविधियों में भाग लेकर उन्होंने मानवता और करुणा का संदेश दिया।

जनता के लिए खुला ‘राष्ट्रपति निकेतन’
राजधानी देहरादून में राजपुर रोड पर स्थित यह भव्य परिसर अब आम लोगों के लिए खुल गया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने आज राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ इसका भ्रमण किया और औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया और कई स्थानों पर फोटो भी खिंचवाए।

आकर्षण का केंद्र बनेगा राष्ट्रपति निकेतन
लगभग 132 एकड़ में फैले इस परिसर में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए अनेक सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां साइकिल ट्रैक, जॉगिंग पथ, खेल मैदान, अस्तबल, सुंदर बाग-बगिचे, पिकनिक लॉन और खरीदारी के स्थान भी बनाए गए हैं। परिसर की भव्यता और प्राकृतिक सौंदर्य इसे देहरादून का एक नया पर्यटन स्थल बनाएगा।

आर्थिक और सामाजिक लाभ की उम्मीद
राष्ट्रपति निकेतन के आम लोगों के लिए खुलने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। इससे टैक्सी, रिक्शा चालक, होटल व्यवसायी और फूड स्टॉल्स से जुड़े लोगों को सीधा लाभ होगा।

राष्ट्रपति भवन द्वारा साझा की गईं तस्वीरें
इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन की ओर से भवन की खूबसूरत तस्वीरें भी जारी की गईं, जिनमें इसकी भव्यता और स्थापत्य कला की झलक देखी जा सकती है। यह पहल न केवल एक दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित की जा रही है, बल्कि यह लोगों को राष्ट्र के सर्वोच्च संवैधानिक पद के निकट लाने का माध्यम भी बन रही है।

‘राष्ट्रपति निकेतन’ आने वाले समय में उत्तराखंड की शान बनने के साथ-साथ राजधानी देहरादून के पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान बनाएगा।

Related Articles

Back to top button