उत्तराखंडपर्यटन

हेली सेवा शुभारंभ — पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ एवं हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी मार्ग आज से शुरू

हेली सेवा से अब दूरस्थ क्षेत्र और भी नज़दीक — मुख्यमंत्री ने वर्चुअल शुभारंभ किया

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम द्वारा क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के अंतर्गत पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ एवं हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सेवाओं से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में आम नागरिकों का आवागमन आसान होगा और पर्यटन व आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी ऐतिहासिक व सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर हैं जो प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध संस्कृति से पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।

हेली सेवा शुरू होने से हल्द्वानी से अल्मोड़ा की यात्रा का समय 3 से 4 घंटे से घटकर कुछ ही मिनटों का रह जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई उड़ान योजना ने प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वर्तमान में राज्य के 18 हेलीपोर्ट्स में से 12 हेलीपोर्ट्स पर सेवाएँ शुरू हो चुकी हैं और गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे स्थानों को हेली सेवा से जोड़ा जा चुका है।

नई सेवाओं का समय सारिणी इस प्रकार है:

  • पिथौरागढ़ से मुनस्यारी: सुबह 10:30 बजे एवं दोपहर 1:50 बजे
  • मुनस्यारी से पिथौरागढ़: सुबह 10:50 बजे एवं दोपहर 2:10 बजे
  • हल्द्वानी से अल्मोड़ा: सुबह 11:50 बजे एवं दोपहर 3:10 बजे
  • अल्मोड़ा से हल्द्वानी: दोपहर 12:50 बजे एवं सायं 4:10 बजे

इन हवाई सेवाओं का किराया ₹2500 तय किया गया है। यात्री https://airheritage.in/ पर ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।

कार्यक्रम में सचिव युकाडा श्री सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी युकाडा श्री आशीष चौहान और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button