आज के दौर में ब्लड प्रेशर स्वास्थ्य समस्याओं में सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है, जो न केवल भारत बल्कि दुनियाभर में तेजी से बढ़ रहा है। खान-पान और अनियमित जीवनशैली के कारण हर उम्र के लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं। जंक फूड, फास्ट फूड, और चीनी व नमक से भरपूर खाद्य पदार्थों के अधिक सेवन के चलते युवाओं में भी ब्लड प्रेशर की समस्या बढ़ रही है, जो पहले केवल बुजुर्गों में पाई जाती थी। लंबे समय तक शारीरिक गतिविधि न करने और अत्यधिक नमक-चीनी वाले आहार के कारण ब्लड प्रेशर के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, रोजाना केवल 5 मिनट की एक्सरसाइज से भी ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। ब्रिटिश हार्ट फाउंडेशन के अध्ययन में पाया गया है कि 5 मिनट का छोटा व्यायाम रक्तचाप को कम करने में काफी असरदार होता है। लंदन यूनिवर्सिटी और सिडनी यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों के इस शोध में 15,000 लोगों को शामिल किया गया, जिन पर 24 घंटों तक निगरानी रखी गई। परिणामों में यह सामने आया कि केवल 5 मिनट की छोटी-छोटी गतिविधियाँ, जैसे साइकिल चलाना या सीढ़ियाँ चढ़ना, ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में सहायक सिद्ध होती हैं।
अध्ययन ने स्पष्ट किया कि अधिक जोरदार व्यायाम की बजाय, रोजाना की जाने वाली सामान्य गतिविधियाँ ही रक्तचाप को प्रभावी ढंग से नियंत्रित कर सकती हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह व्यायाम नियमित तौर पर करना आवश्यक है। ऐसे छोटे-छोटे बदलाव ब्लड प्रेशर के स्तर को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए रात के समय सीने, पीठ, गर्दन में दर्द और बार-बार पेशाब आना जैसे लक्षण खतरनाक हो सकते हैं। ऐसे में तत्काल चिकित्सा परामर्श लेना चाहिए। अनिद्रा की समस्या से भी ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। खान-पान में नियंत्रण और नियमित सैर, योग से भी इस स्थिति को बेहतर किया जा सकता है।