उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने गैरसैंण में रजत जयंती समारोह में की घोषणाएं, ₹142.25 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

राज्य आंदोलनकारियों को किया सम्मानित, गैरसैंण को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने और नई उड़ान सेवाओं की घोषणा

उत्तराखण्ड के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। विधानसभा परिसर में आयोजित इस विशेष समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरसैंण एवं आसपास के क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने के लिए मास्टर प्लान की डीपीआर तैयार कर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि चौखुटिया, ज्योतिर्मठ और घनसाली को उड़ान योजना से जोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹142.25 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹43.63 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹98.62 करोड़ की 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने खेल, शिक्षा, कृषि और अन्य क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया।

समारोह के दौरान आईटीबीपी, आईआरबी, नागरिक पुलिस, होमगार्ड, महिला आरक्षी, फायर सर्विस तथा एनसीसी महिला दस्ते ने 46वीं वाहिनी पीएसी के बैंड की धुन पर शानदार परेड का प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने राज्य स्थापना की रजत जयंती पर राज्यवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने रजत जयंती के मुख्य समारोह में शिरकत कर राज्य का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने ₹8,200 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है और राज्य के विकास हेतु ठोस लक्ष्य निर्धारित किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में तीर्थाटन विकास के तहत केदारखण्ड और मानसखण्ड के पौराणिक मंदिरों का पुनरुद्धार व सौंदर्यीकरण कार्य तेज़ी से चल रहा है। उन्होंने इस अवसर पर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी को भी नमन किया।

उन्होंने बताया कि सरकार गैरसैंण के समग्र विकास हेतु अनेक योजनाओं पर कार्य कर रही है। सारकोट गांव को गोद लेकर मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई नीतियों व योजनाओं के परिणामस्वरूप उत्तराखण्ड आज देश की कई राष्ट्रीय योजनाओं में अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य की विकास दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, कृषकों की आय बढ़ी है, और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उत्तराखण्ड को सतत विकास सूचकांक में देश में प्रथम स्थान तथा मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट अवॉर्ड भी प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि राज्य में सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून लागू किए गए हैं, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “लोकल टू ग्लोबल” मंत्र को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाई है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, भरत सिंह चौधरी, प्रमोद नैनवाल, सुरेश गड़िया, प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, तथा अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय जनता बड़ी संख्या में उपस्थित रही।

Related Articles

Back to top button