उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का हाल जाना, समुचित उपचार के निर्देश

दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर घायलों से की मुलाकात, हिमाचल व उत्तराखण्ड के यात्रियों के निःशुल्क इलाज का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कालसी क्षेत्र अंतर्गत क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हुई हिमाचल परिवहन निगम की बस दुर्घटना में घायल हुए हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखण्ड के यात्रियों का हाल-चाल जानने के लिए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकीय टीम को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम, त्वरित और संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने घायलों के परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार की ओर से उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर संपर्क कर विकासनगर में उपचाराधीन दुर्घटना के घायलों को भी समुचित एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार को भी यह भरोसा दिलाया कि उत्तराखण्ड में उपचाराधीन हिमाचल प्रदेश के सभी घायल यात्रियों का समुचित एवं निःशुल्क उपचार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button