मुंबई। भारत के पूर्व क्रिकेटर और प्रतिष्ठित कोच अभिषेक नायर और पारस महाम्ब्रे टी20 मुंबई लीग 2025 में मेंटर की भूमिका निभाएंगे। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने शुक्रवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि नायर को मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स और महाम्ब्रे को एआरसीएस अंधेरी के लिए मेंटर नियुक्त किया गया है।
हाल ही में बीसीसीआई ने भारतीय टीम के सहायक कोच अभिषेक नायर, क्षेत्ररक्षण कोच टी दिलीप और स्ट्रेंथ एवं कंडीशनिंग कोच सोहम देसाई को उनके पदों से हटा दिया था। अब नायर को टी20 मुंबई लीग में एक नई जिम्मेदारी मिली है, जहां उनके अनुभव का लाभ युवा खिलाड़ियों को मिलेगा। वहीं, महाम्ब्रे भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच रह चुके हैं और वर्तमान में आईपीएल फ्रेंचाइज़ी मुंबई इंडियंस के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा हैं। नायर फिलहाल कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ जुड़े हुए हैं।
26 मई से वानखेड़े स्टेडियम में होगा टूर्नामेंट
टी20 मुंबई लीग का तीसरा सीजन 26 मई से 8 जून तक प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। कोचिंग स्टाफ में भी अनुभवी नामों को जगह मिली है, जिनमें ओमकार साल्वी (सोबो मुंबई फाल्कन्स), राजेश पवार (एआरसीएस अंधेरी), अतुल रानाडे (ट्रायम्फ नाइट्स), अमित दानी (मराठा रॉयल्स), प्रशांत शेट्टी (ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स), प्रवीण तांबे (नॉर्थ मुंबई पैंथर्स) और विनोद राघवन (आकाश टाइगर्स) प्रमुख हैं। नमो बांद्रा ब्लास्टर्स के मुख्य कोच की घोषणा जल्द की जाएगी।
एमसीए अध्यक्ष का बयान
एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा, “हम स्थानीय कोचों और सहयोगी स्टाफ को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं ताकि वे मुंबई और भारतीय क्रिकेट में अधिक योगदान दे सकें। घरेलू प्रतिभाओं को पोषित कर हम भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।”
गौरतलब है कि एमसीए ने हाल ही में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को टी20 मुंबई लीग सीजन 3 का आधिकारिक चेहरा बनाया है। इस बार 2800 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है, जो लीग की लोकप्रियता और मुंबई से उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं के उत्साह को दर्शाता है।