उत्तराखंड

उत्तराखण्ड में सड़क कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर गडकरी से मिलेंगे मुख्यमंत्री धामी

राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को लेकर केंद्र सरकार से समन्वय तेज, पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और पर्यटन को मिलेगा नया विस्तार

उत्तराखण्ड में सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी शीघ्र ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे।

इस प्रस्तावित बैठक की तैयारियों को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा के मध्य विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। बैठक में उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी के साथ प्रस्तावित बैठक में ऋषिकेश बाईपास, अल्मोड़ा-दन्या-पनार-घाट मार्ग, ज्योलिकोट-खैरना-गैरसैंण-कर्णप्रयाग मार्ग तथा अल्मोड़ा-बागेश्वर-काण्डा-उडियारी बैंड मार्ग से संबंधित प्रस्तावों को प्रमुखता से रखा जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े राज्य के अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से उत्तराखण्ड का सड़क नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा। इससे यातायात व्यवस्था सुगम बनेगी और पर्वतीय क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से चारधाम यात्रा, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने प्रस्तावित परियोजनाओं पर सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सड़क संपर्क सुविधाओं के विकास हेतु केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत है।

ऋषिकेश बाईपास परियोजना के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-07 पर तीनपानी से योगनगरी होते हुए खारास्रोत तक 12.67 किमी लंबाई में चार लेन बाईपास के निर्माण का प्रस्ताव है। इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹1161.27 करोड़ है। इसके अंतर्गत तीन हाथी कॉरिडोर हेतु 4.876 किमी लंबा एलिवेटेड मार्ग, चन्द्रभागा नदी पर 200 मीटर लंबा सेतु तथा रेलवे पोर्टल पर 76 मीटर लंबाई का आरओबी प्रस्तावित है। साथ ही श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ₹318 करोड़ की लागत से आरओबी निर्माण का प्रस्ताव है, जिससे नेपाली फार्म से ऋषिकेश नटराज चौक तक यातायात निर्बाध हो सकेगा।

अल्मोड़ा-दन्या-पनार-घाट मार्ग के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-309बी के 76 किमी हिस्से में ₹988 करोड़ की लागत से दो लेन चौड़ीकरण का प्रस्ताव है।
ज्योलिकोट-खैरना-गैरसैंण-कर्णप्रयाग मार्ग के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-109 पर 235 किमी लंबाई में दो लेन चौड़ीकरण का संरेखण प्रस्तावित है।
वहीं अल्मोड़ा-बागेश्वर-काण्डा-उडियारी बैंड मार्ग के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-309ए के पैकेज-1, 2 और 5 में 84.04 किमी लंबाई में ₹1001.99 करोड़ की लागत से कार्य प्रस्तावित हैं। काण्डा-बागेश्वर खंड (पैकेज-02) के लिए भारत सरकार से वनभूमि हस्तांतरण की स्वीकृति भी मिल चुकी है।

Related Articles

Back to top button